दो महीने से बंद पड़ा चापाकल, प्यासे बच्चे और ग्रामीण; जेई बता रहे सामान नहीं होने की लाचारी
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के बेलडीह पंचायत अंतर्गत गागीबुरु प्राथमिक विद्यालय में पिछले लगभग दो महीनों से चापाकल खराब पड़ा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से स्कूली बच्चे, शिक्षक और ग्रामीण परेशान हैं, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है।
इस संबंध में पंचायत समिति सदस्य ममता महतो ने बताया कि खराब चापाकल की सूचना काफी पहले ही पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता (जेई) को दे दी गई थी। विभाग की ओर से मिस्त्री भेजा गया, लेकिन उन्होंने केवल निरीक्षण कर जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया और लौट गए। इसके बाद भी कई बार संपर्क करने पर सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा। ममता महतो ने आरोप लगाया कि विभाग बार-बार मिस्त्री भेजकर खराब चापाकलों को खोलकर छोड़ देता है, जबकि मरम्मत का काम पूरा नहीं किया जाता।
उन्होंने बताया कि जेई सामान उपलब्ध नहीं होने की लाचारी बता रहे हैं, जिससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। चापाकल खराब रहने से विद्यालय के बच्चों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है तथा विद्यालय का शैक्षणिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने विभाग से जल्द चापाकल की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।




