हाथीखेदा मंदिर से लौटने के क्रम में बांकादा के पास खेत में घुसी तेज रफ्तार अनियंत्रित कार, 2 घायल

Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर से पूजा करने के पश्चात ओड़िशा लौट रहे 5 लोग दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दुर्घटना का शिकार हो गए। मंदिर से करीब 3 किमी दूर बांकादा के पास टर्निंग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार धान के खेत में जा घुसी। घटना में शामिल लोगों में श्रीनिवास दंडपाट समेत दो लोग घायल हो गए। श्रीनिवास के एक हाथ की हड्डी टूटी है जबकि उसके एक साथी के सिर पर गंभीर चोट है। जबकि अन्य तीन लोगों को मामूली चोट लगी है। कार पश्चिम बंगाल नंबर की है जबकि सवारी ओड़िशा के बताए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। बताते हैं कि दो कार पर ओड़िशा से करीब एक दर्जन लोग मंदिर आए थे। सूचना मिलते ही दूसरी कार पर सवार लोग घटनास्थल पर आए और घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचाया। सभी लोग शराब के नशे में धुत बताए जाते हैं और घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी।


