खेतों में लबालब भर गया पानी, लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त

Patamda: मंगलवार को राज्य के अन्य इलाकों के साथ ही पटमदा क्षेत्र में भी मानसून आ गया है। पहली बारिश मंगलवार से लगातार बुधवार को भी जारी रही और इस दौरान पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के सभी गांवों में स्थित निचली जमीन पर पानी लबालब भर गया है। स्थानीय किसानों के अनुसार धान की रोपनी के लिए भी यह पानी काफी कारगर साबित होगा लेकिन क्षेत्र के अधिकांश किसान अभी तक नर्सरी तैयार नहीं कर पाए हैं।

सूचना के मुताबिक अभी तक 25 प्रतिशत से अधिक किसान तो बिचड़ा भी नहीं डाल पाए हैं। हालांकि मूसलाधार बारिश से जहां तालाबों समेत विभिन्न जलाशयों में पानी भरने लगा है वहीं चापाकलों एवं कुओं का जलस्तर ऊपर आ गया है। लगातार दो दिनों की बारिश के कारण आमलोगों को परेशानी में डाल दिया है। क्योंकि बुधवार एवं गुरुवार को शादी का लगन होने की वजह से सुबह से ही लोगों को बाइक व बसों के अलावा अन्य वाहनों में आवागमन करते देखा गया और कोई छाता तो कोई रैनकोट के सहारे अपने गंतव्य तक पहुंचे। बेलटांड़ निवासी दुकानदार कार्तिक दास ने बताया कि अगर शादी का लगन नहीं होता तो शायद बाजार में चहल पहल नहीं होती।





