बंगाल के बलरामपुर एनएच में भीषण सड़क हादसा, बोलोरो और ट्रेलर की टक्कर में नीमडीह के 2 सगे भाइयों समेत 9 बारातियों की दर्दनाक मौत

Jamshedpur: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत बलरामपुर थाना क्षेत्र के नामशोल गांव के पास शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े 6 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। बंगाल के आदाबना से नीमडीह लौट रही बोलेरो को एक ट्रेलर ने विपरीत दिशा में जाकर जोरदार टक्टर मार दिया। इससे बोलोरो के परखच्चे उड़ गए और ट्रेलर सड़क किनारे जाकर पलट गया। घटना में बोलोरो पर सवार 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल पर ही सभी 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। बोलोरो में सवार सभी लोग बाराती थे इनमें एक बोलोरो का चालक दीपक महतो भी शामिल था।

लाकड़ी के पूर्व मुखिया शिवराम मुदी ने बताया कि इस घटना में तिलाईटांड़ टोला निवासी दो सगे भाइयों विजय महतो और अजय महतो की भी मौत हो गई है जो गोराचांद महतो के पुत्र थे। सभी लोग ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पातकोम के चिरुगोड़ा गांव से बाराती गए थे। बारात से लौटने के क्रम में यह हादसा हुआ। बोलोरो कार में नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत लाकड़ी टोला तिलाईटांड़ निवासी स्वपन महतो (30), शशांक महतो (35), बृहस्पति महतो (34), अजय महतो (35), विजय महतो (40), गुरुपद महतो (40), कृष्णपद महतो (38), मुड़ू निवासी चालक दीपक महतो (30) रघुनाथपुर निवासी चंद्रमोहन महतो (50) सवार थे। इस घटना की सूचना पाकर पूर्व मुखिया शिवराम मुदी, गंगाधर महतो, अनिल महतो व रोहिन महतो समेत सौ से अधिक लोग बलरामपुर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मृतकों में स्वपन महतो व शशांक महतो अविवाहित थे जबकि बाकी अन्य लोग विवाहित और उनके छोटे छोटे बच्चे भी हैं। इस घटना के बाद जहां गांव में मातम का माहौल है वहीं परिजनों में कोहराम मच गया है।






