बोड़ाम के भूला में एक व कांदरूजोना में तीन सप्ताह बाद लगा ट्रांसफॉर्मर, विद्युतापूर्ति शुरू होने से गांव में बंटे लड्डू

Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लावजोड़ा से सटे कांदरुजोना गांव में करीब 3 सप्ताह के बाद रविवार को सुबह नया ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और अब विद्युतापूर्ति फिर से शुरू हो गई है। जबकि एक सप्ताह से खराब पड़े भूला गांव के ट्रांसफॉर्मर को भी बदलकर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो की पहल पर नया ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने से आपूर्ति शुरू हो गई है।
इस संबंध में भूला गांव निवासी पुरोहित दुखुराम मुखर्जी ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर की पूजा अर्चना के पश्चात ग्रामीणों के बीच लड्डू का वितरण किया गया। मौके पर लाइनमैन पुतुल प्रमाणिक, विभीषण महतो एवं शशधर गोप एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी, माणिक गोप, राखाल गोराई, भैरव गोराई समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। लाइनमैन पुतुल प्रमाणिक ने बताया कि कांदरुजोना में 63 केवी एवं भूला में 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर आज विभाग की ओर से एक साथ लगाकर चालू कर दिया गया है इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।





