पटमदा के काशीडीह में‘आसरा’ के वृद्धावस्था सहायता कार्यक्रम से 800 बुजुर्ग परिवारों को मिला राशन का संबल
Patamda : पटमदा के गोबरघुसी गांव के काशीडीह टोला स्थित ‘आसरा’ के मुख्य केंद्र में गुरुवार को वृद्धावस्था सहायता कार्यक्रम के तहत 800 जरूरतमंद बुजुर्ग परिवारों को राशन किट वितरित की गईं। इस संबंध में संस्था के स्टेट हेड सत्यजीत कुमार ने बताया कि मेटलाइफ फाउंडेशन के सहयोग से संचालित इस पहल का मकसद वरिष्ठ नागरिकों को खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ सम्मानजनक जीवन और भावनात्मक सहारा देना है। इस माह पहल का दायरा बढ़ाते हुए 100 नए बुजुर्गों को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है। इससे अधिक से अधिक जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों तक नियमित सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। बढ़ती उम्र और आय के सीमित साधनों के कारण कई बुजुर्गों के लिए रोज़मर्रा की बुनियादी ज़रूरतें पूरी करना आसान नहीं होता।
उन्होंने बताया कि मासिक राशन किट मिलने से जहां एक ओर परिवारों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित होती है, वहीं दूसरी ओर वे अपनी सीमित बचत का उपयोग दवाइयों और स्वास्थ्य संबंधी अन्य ज़रूरतों पर कर पाते हैं। नियमित मदद से जुड़े होने का यह भरोसा बुजुर्गों में सुरक्षा, अपनेपन और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत करता है। राशन वितरण के दौरान स्टेट हेड सत्यजीत कुमार, मंजू दत्ता, श्रीचरण मांझी, सोनारतन सिंह और जबारानी महतो समेत अन्य टीम सदस्यों ने मौके पर मौजूद रहकर बुजुर्गों तक सामग्री पहुंचाई।











