बोड़ाम में आयोजित कृषि मेले में किसानों ने दिखाई मेहनत की झलक, 45 किसान सम्मानित
Patamda : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को बोड़ाम प्रखंड पंचायत भवन में प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के निर्देश पर आत्मा, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में आयोजित मेले में क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी मेहनत से तैयार कृषि उपज का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में फूलगोभी, बंदगोभी, बैगन, टमाटर, गाजर, मूली, मिर्च, ओल, पपीता, खीरा, करेला, लौकी, सेम, मक्का, मटर और केला समेत 16 प्रकार की सब्जियों एवं फसलों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि काजल सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो, मुखिया रूपा सिंह सरदार और बीडीओ किकू महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मेले में उत्कृष्ट कृषि उत्पाद प्रस्तुत करने वाले 15 प्रथम, 15 द्वितीय और 15 अन्य चयनित किसानों समेत कुल 45 किसानों को कृषि उपकरण देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त किसानों को गैइता, द्वितीय स्थान वालों को कुदाली तथा अन्य चयनित किसानों को झारी देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। आयोजन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती और कम लागत में अधिक उत्पादन के प्रति जागरूक करना था। साथ ही कृषि में नवाचार अपनाकर इसे बेहतर आजीविका का साधन बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य गीतांजलि महतो, प्रमुख प्रतिनिधि अंगद सिंह, सांसद प्रतिनिधि शिवचरण सिंह सरदार, ग्राम प्रधान हिमांशु महतो, खगेन महतो, जिप प्रतिनिधि माणिक चंद्र महतो ने भी किसानों को सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीएओ, बीटीएम और जन सेवकों का सराहनीय योगदान रहा।











