सीतारामडेरा कुआं मैदान में मां काली पूजा के 33वां वार्षिक महोत्सव आकर्षक आतिशबाजी के साथ होगा संपन्न

Jamshedpur : सीतारामडेरा कुआं मैदान के प्रांगण में न्यू आजाद संघ काली पूजा समिति के तत्वावधान में मां काली की पूजा का 33 वां वार्षिक महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष संजय पाल, सचिव विजय शर्मा एवं अशोक नाग ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल का विशेष आकर्षण पश्चिम बंगाल के कांटाई जिले के कारीगरों द्वारा निर्मित “विक्टोरिया पैलेस, कोलकाता” का भव्य प्रतिरूप है। वहीं, मां काली के साथ-साथ मां दुर्गा स्वरूप, रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा देवी एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाएं भी बंगाल से विशेष रूप से मंगाई गई हैं और विधिवत पूजन के लिए बेदी पर विराजमान की गई हैं। पूरे क्षेत्र में पूजा उत्सव का माहौल है।
प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। भक्तजनों के बीच भोग-प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है। काली पूजा महोत्सव का समापन शुक्रवार को शाम 5 से 6 बजे तक आकर्षक आतिशबाजी के रंगारंग प्रदर्शन के साथ किया जाएगा। इसके बाद मां काली की प्रतिमा का विसर्जन ढाकी बाजे के साथ जुलूस के रूप में स्वर्णरेखा नदी में किया जाएगा।





