झाल बजाने के लिए नहीं बना झारखंड, बनाने में सबका बहा है खून : जयराम महतो
डुमरी विधायक ने जेएलकेएम प्रत्याशी के पक्ष में किया गुड़ाबांदा का दौरा
Gurabanda: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने रविवार को गुड़ाबांदा प्रखंड का दौरा किया। उन्होंने घाटशिला विधानसभा उप चुनाव में जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि झारखंड आंदोलन में सभी का खून बहा है। हमारे परिवार के लोगों ने भी बलिदान दिया है। आज दो परिवार झारखंड में राज चला रहा है। राजस्थान के लोगों को झारखंड में नौकरियां मिल रही हैं। यूपी, बिहार के लोगों को ठेकेदरी मिल रही हैं। यहां के युवा 10 हजार की नौकरी के लिए अन्य प्रदेशों में भटक रहा है।
जयराम ने कहा झाल बजाने के लिए झारखंड नहीं लिए हैं, झारखंडियों को उनका अधिकार देना होगा। साथ ही कहा कि प्राचीन काल में राजमाता अपने पुत्र को राजा घोषित करतीं और जनता ताली बजाती थी। आज यह नहीं चलेगा, अब जनता को वोट देने का अधिकार है। आप स्वच्छ और काम करने वाले युवा को चुनें। जयराम महतो ने कहा जब सदन में सवाल उठाते हैं दो – दो मंत्रियों को जवाब देने में पसीना आ जाता है। ये जनता द्वारा चुनी गई आवाज है। विधायक जयराम महतो के दौरे के क्रम में प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, निखिल महतो व तापस महतो समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।





