धान कटनी का काम छोड़ सैकड़ों महिलाएं पहुंचीं मंईयां सम्मान एवं अबुआ आवास योजना का आवेदन करने

पटमदा के 2 एवं बोड़ाम के दो पंचायतों में हुआ सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन
Patamda : शनिवार को पटमदा प्रखंड के लावा व पटमदा एवं बोड़ाम के गौरडीह पंचायत में प्रखंड प्रशासन की ओर से सरकार आपके द्वार शिविर आयोजित की गई। इस दौरान महिलाएं धान कटनी का काम छोड़ मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान एवं अबुआ आवास योजना का आवेदन करने के लिए पहुंच गईं। इनमें कुछ वैसी महिलाएं भी शामिल थीं जिनका नाम स्वीकृत सूची में होने के बावजूद उन्हें अबुआ आवास योजना की कोई भी किस्त नहीं मिल पाई है। इस दौरान मुखिया द्वारा सरकार से राशि नहीं भेजे जाने की जानकारी देने के बावजूद दोबारा फॉर्म भरकर जमा की गई।
शिविर में पटमदा उत्तरी भाग के जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो ने आवेदकों की मदद करते हुए स्वयं फॉर्म भर दिया एवं अनुशंसा भी किया ताकि प्राथमिकता के आधार पर लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। जिला पार्षद ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह शिविर का आयोजन कर ऑन द स्पॉट समस्याओं का समाधान करवाना राज्य सरकार की यह अच्छी पहल है। इसमें सबसे ज्यादा भीड़ अबुआ आवास एवं मंईयां सम्मान योजना के स्टालों में देखी गई। शिविर में अबुआ आवास योजना, जाति, आय, आवासीय, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, राजस्व अभिलेखों में संशोधन, राशनकार्ड में संशोधन, बृद्धा पेंशन, सर्वजन पेंशन, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से सैकड़ों आवेदन प्राप्त किए गए। इस दौरान कई लाभुकों के बीच वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजना के तहत स्वीकृति पत्र का वितरण भी किया गया।
बोड़ाम के गौरडीह पंचायत में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 553 आवेदन प्राप्त किए गए। जिसमें 61 मामलों का निष्पादन ऑन स्पॉट किया गया। करीब 28 लाख रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। पटमदा बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो, मुखिया कानूराम बेसरा व परमेश्वर सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जबकि बोड़ाम प्रखंड में आयोजित शिविर में जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, बीडीओ किकू महतो, सीओ रंजीत कुमार रंजन, पार्षद प्रतिनिधि माणिक चंद्र महतो व दीपंकर महतो आदि उपस्थित थे।





