झारखंड आंदोलनकारी मनोहर महतो की पुण्यतिथि पर 100 विद्यार्थियों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के बरियादा गांव स्थित ब्राइट फ्यूचर कोचिंग सेंटर में सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस एवं झारखंड आंदोलनकारी दिवंगत मनोहर महतो के पुण्य स्मरण दिवस पर पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत मनोहर महतो की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पण के साथ की गई। इस अवसर पर पटमदा के अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। अंचलाधिकारी ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे विद्यार्थी समाज और राष्ट्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य एवं गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर लगभग 100 शिक्षार्थियों के बीच कॉपी, कलम एवं पानी के बोतल का वितरण किया गया।
यह नेक पहल दिवंगत मनोहर महतो के पौत्र समाजसेवी विश्वनाथ महतो के सौजन्य से किया गया। उन्होंने बताया कि उनके दादाजी दिवंगत मनोहर महतो सदैव शिक्षा के प्रबल पक्षधर रहे थे। उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों के बीच शिक्षण सामग्री वितरण करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही एक सशक्त, सभ्य और जागरूक समाज का निर्माण संभव है। इस मौके पर मुकुंद मुकंदर, माणिक बेसरा, स्वपन कुमार, गुरुपद मांडी, कृत्तिवास महतो, चरण महतो, दीपक कुमार, गोपेन महतो, फूलचांद महतो, खगेन महतो, प्रफुल्ल महतो, शिक्षक मुचिराम महतो, दीपक कुमार महतो, सतीष महतो, दीनबंधु महतो, हरिपद महतो, नीलकमल महतो व आशीष महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक शामिल हुए।





