पेयजल समस्या और रैयत हित के मुद्दों पर उपायुक्त को सौंपा गया ज्ञापन
Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में खराब पड़े जलमीनार, चापाकल और कुओं की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने पर जोर दिया।
ज्ञापन में बताया गया कि कई गांवों में जलस्रोत खराब होने के कारण लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। इस समस्या का सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही विश्वनाथ महतो ने रैयतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने खाता-खतियान के ऑनलाइन अपलोड, जमीन विवादों के निपटारे, उत्तराधिकारी नामांतरण, बटवारा नामांतरण तथा रजिस्टर-2 में सुधार के लिए चलाए जा रहे विशेष कैंपों को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित करने की मांग की। उनका कहना था कि जागरूकता के अभाव में ग्रामीण इन सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सभी पंचायतों में नियमित कैंप आयोजित करने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने और आवश्यक तकनीकी कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर त्वरित और सुविधाजनक समाधान मिल सके।
इस पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।


