तेंतला मैदान में पारंपरिक काती खेल की गूंज, विधायक संजीव सरदार ने बढ़ाया उत्साह
Jamshedpur: टाटा स्टील फाउंडेशन की पहल पर आयोजित प्रीमियर लीग-2026 के तहत तेंतला फुटबॉल मैदान में पारंपरिक ‘काती’ खेल प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। इस आयोजन में झारखंड और ओडिशा की सीनियर व जूनियर वर्ग की 45 टीमों ने भाग लेकर आदिवासी परंपरा को जीवंत किया। भूमिज और संथाल समुदायों के इस पारंपरिक खेल को आयोजन के माध्यम से नया मंच मिला। बांस की लाठी और इमली की लकड़ी से बनी ‘काती’ के साथ खेले जाने वाले इस खेल में पारंपरिक नियमों के अनुसार अंक अर्जित कर विजेता तय किया गया।
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा हैं, जिन्हें संरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपनी विरासत से जुड़े रहने का आह्वान किया। सीनियर वर्ग में गुरता (बी) प्रथम, एसएसएमसी कोपे द्वितीय, बालीबेड़ा तृतीय और खेरबाड़वीर चतुर्थ स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में हांसदा स्टॉर मेजोगोड़ा प्रथम, जेजेयुसी रादुड़ द्वितीय, जियाड़ जामाता तृतीय और आरएमएमसी पोड़ाहातु चतुर्थ स्थान पर रहे।
आयोजन की सफलता में शिव शंकर कांडेयोंग, आनंद बोयपाई, बीरेन तियु, आरसी टुडू, लखन हांसदा, रीतेश टुडू, देवराज मुंडा, शिव नारायण हेंब्रोम, अजिंक्या बिरुआ, सालखन मुर्मू और रमेश सुंडी सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


