बोड़ाम में वन विभाग के खिलाफ भड़के ग्रामीण, ग्राम सभा की बैठक में वन विभाग के प्रवेश पर रोक की चेतावनी

Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पुनसा गांव के राहेड़गोड़ा टोला में गुरुवार को आदिम जुमिद ग्राम सभा के बैनर तले ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव की मुख्य सड़क सहित अन्य बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान डिमना स्थित गेरुवा अलकतरा फैक्ट्री से पुनसा होते हुए आमदापहाड़ी तक प्रस्तावित पक्की सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार स्वीकृति मिलने के बावजूद वन विभाग द्वारा एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के नाम पर निर्माण कार्य को रोक दिया जाता है, जिससे विकास कार्य बाधित हो रहा है।
मौके पर मौजूद वन विभाग के फोरेस्ट गार्ड बालक हांसदा, सिमोन टुडू और मंगल भगत से ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से एनओसी जारी करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक सड़क निर्माण के लिए एनओसी नहीं दिया जाएगा, तब तक वन विभाग के कर्मियों का गांव में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा और सड़क पर आवागमन भी ठप कर दिया जाएगा। इस पर वन विभाग के कर्मियों ने अपनी सफाई में कहा कि संबंधित विभाग और ठेकेदार बिना एनओसी के ही सड़क की स्वीकृति ले लेते हैं, जिसके कारण बाद में ऐसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। बैठक में मुख्यमंत्री के मामा गुरुचरण किस्कू, जिला परिषद प्रतिनिधि माणिक चंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य विश्वनाथ हांसदा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो सहित दलमा राजा राकेश हेंब्रम, कार्तिक सोरेन, युधिष्ठिर महतो, सोम हेंब्रम, जगत, विभीषण, हैरद सोरेन और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।






























