हरिनाम संकीर्तन के बीच मौका पाकर पड़ोसी के घर में घुसा युवक, घरवालों के लौटने पर पलंग के नीचे छिप गया, पकड़ाया
गेंगाड़ा में चोरी के आरोपी युवक को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सौंपा
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के गेंगाड़ा गांव में गुरुवार देर रात हुई चोरी की घटना में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक गेंगाड़ा गांव का ही रहने वाला है जो फूलचांद महतो के घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया था, लेकिन भागने के दौरान वह रंगेहाथ पकड़ा गया।
घटना के समय घर में केवल फूलचांद के बुजुर्ग पिता मौजूद थे, जबकि अन्य सदस्य गांव में चल रहे हरिनाम संकीर्तन में शामिल होने गए थे। इसी दौरान आरोपी युवक घर में घुसा और नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। रात करीब डेढ़ बजे जब परिवार के सदस्य वापस लौटे, तो घर के भीतर आवाज सुनाई दी। तलाश करने पर युवक पलंग के नीचे छिपा मिला। इसके बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही कमलपुर थाना की पुलिस रात करीब ढाई बजे घटनास्थल पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। शुक्रवार को फूलचांद महतो ने आरोपी सुकु दास के खिलाफ लिखित शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। फूलचांद महतो के अनुसार आरोपी के पास से 6 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। वहीं, भैंसा बिक्री के 30 हजार रुपये और करीब 10 हजार रुपये मूल्य का सोने का पदक गायब बताया जा रहा है। उन्हें आशंका है कि आरोपी ने शेष रकम और सामान कहीं छिपा दिया है। उन्होंने बताया कि चोरी करने के बाद भागने की कोशिश के दौरान घरवालों के लौट आने पर आरोपी घबरा गया और पलंग के नीचे छिप गया, जिससे पूरी घटना का खुलासा हो गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब के नशे की हालत में युवक द्वारा घटना को अंजाम दिया गया लगता है हालांकि मामले की छानबीन की जा रही है।






























