भूमि अधिग्रहण मुआवजा लंबित, रैयतों ने सांसद व उपायुक्त से लगाई गुहार
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के भादुडीह, बोंटा, सातनाला, बोड़ाम से होते हुए माधवपुर (पश्चिम बंगाल सीमा) तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए वर्ष 2019 में अधिग्रहीत जमीन और मकानों का मुआवजा अब तक नहीं मिलने से प्रभावित रैयतों में भारी नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को दर्जनों प्रभावित रैयतों का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद विद्युत वरण महतो एवं पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।
रैयतों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के लगभग सात वर्ष बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। इस कारण वे आर्थिक और सामाजिक रूप से गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। रैयतों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान करने की अपील की, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
इस दौरान जेएलकेएम नेता देवव्रत महतो सहित रैयत अरुण गोप, सोमनाथ षड़ंगी, अतुल सिंह, नंदलाल गोप, मंगल महतो, प्राण कृष्ण गोप, गौतम महतो, चैतन सिंह, गंगाधर गोप, अजय महतो, अशोक कुमार महतो, आकाश महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।






























