बहनोई के घर आया युवक लापता, परिजन चिंतित
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के आमकांड़ी गांव से एक युवक के अचानक लापता होने से इलाके में चिंता का माहौल है। लापता युवक राखहरि मंडल (23), जो बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिजुआ गांव का निवासी है। जानकारी के अनुसार, राखहरि मंडल अपनी मां के साथ गुरुवार को आमकांड़ी गांव स्थित अपने बहनोई अमर मंडल के घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और दिन में उसे सिसदा गांव के एक वैद्य के पास इलाज के लिए ले जाया गया था। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े 5 बजे वह अपने बहनोई से शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। जब आधे घंटे बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उसे शाम करीब 6 बजे बेलटांड़ चौक पर देखा गया था, जहां से वह तेजी से पैदल पटमदा बाजार की ओर जाता हुआ नजर आया। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिजनों ने देर रात तक आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः उन्होंने पटमदा थाना में इसकी सूचना देकर युवक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को राखहरि मंडल के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या परिजनों को सूचित करें। परिजनों ने मोबाइल नंबर 9234493554 व 7292866856 पर संपर्क करते हुए सूचित करने का आग्रह किया है।




