पटमदा में लंबित आवासों का निरीक्षण, लापरवाह कर्मचारियों को वेतन बंद करने की चेतावनी
Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिले के उप विकास आयुक्त के निर्देश पर शनिवार को पटमदा प्रखंड में प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने लंबित आवास योजनाओं का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के प्रशिक्षण समन्वयक के साथ प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से महुलबना एवं कमलपुर पंचायतों का दौरा कर लंबित आवासों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में संबंधित लाभुकों से बातचीत कर कार्य में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली गई।
जांच में सामने आया कि पंचायत स्तर पर समुचित मॉनिटरिंग नहीं होने तथा समय पर जियो-टैगिंग नहीं किए जाने के कारण कई आवासों का निर्माण कार्य बाधित है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने संबंधित पंचायत सचिवों को कड़े निर्देश दिए कि पांच दिनों के भीतर सभी लंबित आवासों का कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा कर्तव्यहीनता के आरोप में उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही संबंधित मुखिया एवं वार्ड सदस्यों से भी अपील की गई कि वे सक्रिय भूमिका निभाते हुए मॉनिटरिंग करें और लंबित आवासों को शीघ्र पूरा कराने में सहयोग दें।
निरीक्षण के बाद प्रखंड कार्यालय में अपराह्न 3 बजे सभी पंचायत सचिवों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी को कार्य के प्रति तत्परता बरतने का निर्देश दिया गया। चेतावनी दी गई कि लापरवाही बरतने पर वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए संबंधित कर्मियों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाएगा।




