बेटी के स्कूल टॉपर बनने की खबर सुन खुशी से मजदूर पिता की छलक उठीं आंखें
अपने बड़े पिताजी खगेन कुम्भकार के साथ ऊषा
Patamda: सीमित संसाधनों और संघर्षों के बीच भी सफलता की मिसाल पेश करते हुए पटमदा प्रखंड के आदिवासी प्लस टू उच्च विद्यालय, बांगुड़दा की छात्रा ऊषा कुम्भकार ने 500 में से 441 अंक (88.2%) प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
गोपालपुर निवासी ऊषा एक साधारण किसान मजदूर परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता जगेन कुम्भकार मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। जैसे ही ऊषा ने अपनी सफलता की खबर उन्हें दी, उनकी आंखें खुशी से नम हो उठीं। यह पल पूरे परिवार के लिए भावुक और गर्व से भरा रहा। उनकी माता सुलोचना कुम्भकार गृहिणी हैं और परिवार की जिम्मेदारियों को संभालते हुए हमेशा बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रही हैं। तीन बहनों में सबसे बड़ी ऊषा ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि वह रोजाना करीब छह घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं और स्कूल व ट्यूशन की पढ़ाई को गंभीरता से अपनाया।
ऊषा का सपना आगे स्नातक की पढ़ाई पूरी कर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी करना है। वह आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, ट्यूशन शिक्षक गौतम कुम्भकार और अपने परिवार को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार सेठ समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ऊषा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




