मजदूर की बेटी सिंदूरा बनी आर्ट्स में जिला सेकंड टॉपर, एलबी शास्त्री प्लस टू हाई स्कूल जयपुरा की छात्रा है सिंदूरा
Jamshedpur: पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड स्थित लालबहादुर शास्त्री प्लस टू हाई स्कूल, जयपुरा की छात्रा सिंदूरा दास ने इस वर्ष इंटर आर्ट्स परीक्षा में 460 अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। गौरतलब है कि इस विद्यालय का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। वर्ष 2025 में भी इसी स्कूल की छात्रा लिपा गड़ाई ने जिला टॉपर बनकर स्कूल का नाम रोशन किया था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार सिंदूरा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
बड़शोल थाना क्षेत्र के दारीशोल गांव की रहने वाली सिंदूरा बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं। उनके पिता विजय दास मजदूरी करते हैं और गाड़ी धोने का काम कर प्रतिदिन मुश्किल से 200 से 300 रुपये कमा पाते हैं। मां गीता दास गृहिणी हैं। दो बहनों में छोटी सिंदूरा के परिवार में एक छोटा भाई भी है, जो दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। सिंदूरा ने इससे पहले 2024 की मैट्रिक परीक्षा में भी 474 अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया था। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती आगे की पढ़ाई जारी रखने की है। परिवार की स्थिति ऐसी है कि वह खुद यह तय नहीं कर पा रही हैं कि भविष्य में क्या बनना चाहती हैं। पिता विजय दास बताते हैं कि बेटी की सफलता से जहां पूरे परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं उसकी आगे की पढ़ाई को लेकर चिंता भी उतनी ही गहरी है। उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी बेटी भी पढ़ाई में तेज थी, लेकिन आर्थिक कारणों से उसकी पढ़ाई बीच में ही रोककर शादी करानी पड़ी।
हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी उपलब्धि के बावजूद उनके घर पर बधाई देने कोई नहीं पहुंचा। हालांकि विद्यालय के प्राचार्य ने फोन कर उन्हें शुभकामनाएं जरूर दीं। सिंदूरा की मां को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिल रहा है, जो इस कठिन परिस्थिति में परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा साबित हो रहा है। सिंदूरा की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा है—यह दिखाती है कि हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों, हौसला और मेहनत से मंजिल हासिल की जा सकती है।




