मैट्रिक की निराशा से इंटर में शानदार वापसी: अर्चिता प्रमाणिक बनीं स्कूल टॉपर
Patamda : एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा की छात्रा अर्चिता प्रमाणिक ने इंटर विज्ञान (साइंस) संकाय की परीक्षा में 441 अंक (88.2 प्रतिशत) हासिल कर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। लावा गांव निवासी प्राथमिक शिक्षक मिहिर कुमार प्रमाणिक की बेटी अर्चिता ने अपनी इस सफलता से न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी मैट्रिक की पढ़ाई मॉडल स्कूल पटमदा से पूरी की थी।
वर्ष 2024 की मैट्रिक परीक्षा में उम्मीद के अनुरूप अंक नहीं मिलने से अर्चिता काफी निराश हो गई थीं और परिणाम को स्वीकार करना उनके लिए कठिन हो गया था। लेकिन शिक्षक पिता के मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने खुद को संभाला और इंटरमीडिएट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल टॉपर बन गईं।
अर्चिता की यह सफलता संघर्ष, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का प्रेरणादायक उदाहरण है, जो यह साबित करती है कि असफलता के बाद भी दृढ़ संकल्प के साथ सफलता हासिल की जा सकती है।




