दिघी भूला का शानदार प्रदर्शन, पहली बार चार विद्यार्थियों ने बनाई जिला टॉप टेन में जगह
Patamda: झारखंड एकेडमिक काउंसिल, रांची द्वारा बुधवार को इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही बोड़ाम प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय दिघी भूला में खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने जिले की टॉप टेन सूची में स्थान बनाकर न केवल अपने स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कला संकाय में लावजोड़ा निवासी मेधावी छात्रा सरस्वती गोराई और छात्र असीम कुमार महतो ने 500 में से 455-455 अंक हासिल कर पूर्वी सिंहभूम जिले में संयुक्त रूप से चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं आलोचना महतो ने 444 अंक के साथ जिले में नौवां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विज्ञान संकाय में संतोषी महतो ने 463 अंक लाकर जिले में सातवां स्थान प्राप्त किया और विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ा। इन सफल विद्यार्थियों के सपने भी उतने ही बड़े हैं। असीम कुमार महतो आगे एलएलबी की पढ़ाई कर वकालत के क्षेत्र में जाना चाहते हैं। सरस्वती गोराई का लक्ष्य एक शिक्षिका बनकर ग्रामीण बच्चों को शिक्षित करना है। संतोषी महतो डॉक्टर बनकर गांव में स्वास्थ्य सेवा देना चाहती हैं और इसके लिए वे नीट परीक्षा की तैयारी में जुटने का संकल्प ले चुकी हैं। वहीं आलोचना महतो कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा कर कंप्यूटर इंजीनियर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इन चारों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाध्यापक ने इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का यह शानदार परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय का प्रदर्शन इसी तरह उत्कृष्ट रहेगा और जूनियर छात्र-छात्राएं इन सफलताओं से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे।




