एसएस +2 उच्च विद्यालय पटमदा का बेहतर प्रदर्शन, इंटरमीडिएट में शत-प्रतिशत रिजल्ट
Patamda: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में एसएस +2 उच्च विद्यालय पटमदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विज्ञान, कला एवं वाणिज्य तीनों संकायों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विज्ञान संकाय में अर्चिता प्रमाणिक ने 441 अंक (88.2 प्रतिशत) प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। अनामिका गोराई 414 अंक (82.8 प्रतिशत) के साथ द्वितीय एवं सुप्रिया कुमारी 403 अंक (80.6 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। अर्चिता ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों एवं माता-पिता को देते हुए कहा कि वह भविष्य में इंजीनियर बनकर देश सेवा करना चाहती हैं। वहीं अनामिका गोराई का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का है।
कला संकाय में प्रतिमा महतो ने 442 अंक (88.4 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान के साथ – साथ ओवरऑल विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। नेपाली गोराई 412 अंक (82.4 प्रतिशत) के साथ द्वितीय तथा सुकुरमणि टुडू एवं लक्ष्मी महतो 409 अंक (81.8 प्रतिशत) के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतिमा महतो ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय के अनुशासित वातावरण को दिया। उन्होंने बताया कि उनके पिता खांकू महतो ग्राम सेवक हैं तथा माता सरला महतो गृहिणी हैं। प्रतिमा भविष्य में शिक्षक बनकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं।
वाणिज्य संकाय में ठाकुरदास गोप ने 398 अंक (79.6 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। करुणा महतो 389 अंक (77.8 प्रतिशत) के साथ द्वितीय एवं नमिता हांसदा 352 अंक (70.4 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। ठाकुरदास गोप ने बताया कि उनका लक्ष्य भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने इस सफलता को जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार एवं जिला शिक्षाअधीक्षक सह अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी आशीष पांडे के कुशल नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नियमित प्री-बोर्ड परीक्षा, रेमेडियल कक्षाओं का संचालन तथा प्रोजेक्ट इम्पैक्ट के तहत मासिक परीक्षाओं की सतत मॉनिटरिंग से विद्यार्थियों को काफी लाभ मिला। प्राचार्य ने कहा कि शिक्षकों की निरंतर मेहनत, विद्यार्थियों की लगन एवं अनुशासन तथा अभिभावकों के सहयोग से यह ऐतिहासिक सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की इस उपलब्धि से शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।




