बोड़ाम के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, मानसिक रूप से था अस्वस्थ
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी 18 वर्षीय बुद्धनाथ बेसरा का शव रविवार को दुबला टुंगरी जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मृतक सुनील बेसरा का पुत्र था और शनिवार शाम करीब 4 बजे से घर से लापता था।
जानकारी के अनुसार, गांव से पश्चिम दिशा में करीब 2 से 2.5 किलोमीटर दूर दुबला टुंगरी जंगल में झाड़ियों के बीच एक जंगली करंज पेड़ पर युवक का शव उसकी गंजी और टी-शर्ट को जोड़कर फंदा बनाकर लटका हुआ पाया गया। ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारकर उसके घर पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से मृतक का चप्पल तथा फंदे में इस्तेमाल किया गया कपड़ा बरामद किया गया। परिजनों ने बताया कि बुद्धनाथ बेसरा मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज कांके (रांची) तथा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में ब्रेन संबंधी बीमारी के लिए चल रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।




