ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं पर विश्वनाथ महतो ने प्रशासन का खींचा ध्यान

Patamda : पूर्वी सिंहभूम जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने मंगलवार को उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, शिक्षा, सड़क निर्माण और मुआवजा जैसी मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। उपायुक्त ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में विशेष रूप से उन विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई, जहां अब तक बच्चों को पीने का पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है। साथ ही वर्ष 2022 में जिला परिषद क्षेत्र में स्थापित पुस्तकालयों का संचालन जल्द शुरू कराने की मांग रखी गई, ताकि ग्रामीण विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।
भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में खराब पड़े जलमीनार और चापाकलों की अविलंब मरम्मत कर जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड में शिलान्यास हो चुके सड़क निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा कराने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में बज्रपात और सड़क दुर्घटनाओं में मृत लोगों के परिजनों को सरकारी मुआवजा राशि जल्द उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षक प्रतिनियुक्ति करने की मांग भी प्रमुखता से शामिल रही। समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि ग्रामीण जनता लंबे समय से बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इन मुद्दों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।


