दस्तावेजों के अभाव में सबर जनजाति के परिवार परेशान, पेंशन और सरकारी योजनाओं से वंचित
Patamda: पटमदा प्रखंड के कमलपुर पंचायत अंतर्गत कमलपुर गांव स्थित सबर टोला से आदिम जनजाति परिवारों की समस्याओं का गंभीर मामला सामने आया है। डिजिटल और विकास के दौर में भी यहां के दर्जनों परिवार आज तक बुनियादी सरकारी दस्तावेजों से वंचित हैं, जिसके कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सबर टोला के अधिकांश लोगों का अब तक जाति प्रमाण पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है। दस्तावेजों के अभाव में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं बच्चों की पढ़ाई, छात्रवृत्ति और अन्य सरकारी सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। प्रमाण पत्र बनवाने के लिए वे लंबे समय से प्रखंड कार्यालय और संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इस कारण लोगों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समस्या से परेशान होकर सबर टोला के ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रशासन गांव में विशेष कैंप लगाकर सभी परिवारों के जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र जल्द से जल्द बनवाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
ग्रामीणों में अष्टमी सबर, नंदनी सबर, नीलमनी सबर, शंभुदा सबर, शेफाली सबर, तुलसी सबर, बिष्णु सबर, सूरज सबर, मामनी सबर, सांती सबर, अरुण सबर, किरण सबर, शामली सबर, सूर्यदेव सबर और बासंती सबर सहित कई लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम और पटमदा प्रखंड प्रशासन से मांग की है कि आदिम जनजाति परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें उनका अधिकार दिलाया जाए।


