पटमदा के अर्णव को जेईई एडवांस्ड में ऑल इंडिया 2851 रैंक, गांव और जिले का बढ़ाया मान
Patamda: बंगाल सीमा से सटे पटमदा प्रखंड अंतर्गत सामरजोबड़ा गांव के होनहार छात्र अर्णव कुमार महतो ने देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड 2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। अर्णव ने अपने प्रथम प्रयास में 174 अंक प्राप्त करते हुए कॉमन रैंक लिस्ट में 2851वीं तथा ओबीसी-एनसीएल श्रेणी में 560वीं रैंक प्राप्त की है।
अर्णव कुमार महतो, झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष स्व. अश्विनी कुमार महतो एवं कोकिला महतो के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के विद्यालय से हुई। बचपन से ही मेधावी रहे अर्णव ने वर्ष 2023 की मैट्रिक परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके बाद वर्ष 2025 की इंटरमीडिएट परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखा।
जेईई एडवांस्ड जैसी कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने के बाद अर्णव ने इसका श्रेय अपने निरंतर परिश्रम, अनुशासित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं होती। परिणाम घोषित होने के बाद सामरजोबड़ा गांव सहित पूरे पटमदा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। अर्णव की इस उपलब्धि पर उनकी माता, इंजीनियर चाचा समेत परिजनों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि अर्णव की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

