छत से गिरकर घायल महिला की रिम्स में मौत, गांव में शोक की लहर
Patamda: पटमदा प्रखंड के बनकुंचिया पंचायत अंतर्गत राहेरडीह गांव निवासी 38 वर्षीय अमृता महतो (पति – महेंद्र नाथ महतो) की इलाज के दौरान रिम्स में मौत हो गई। वह बीते 24 मई की रात घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। परिजनों के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर की खुली छत पर सो रहे थे। देर रात करीब 12 बजे अमृता महतो लघुशंका के लिए नीचे उतरी थीं। वापस छत पर लौटने के दौरान नींदी हालत में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गईं। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई तथा नस दब जाने से हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद 25 मई को उन्हें पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया। जबकि परिजनों ने उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया, जहां दो दिनों तक इलाज चला।
परिजनों के मुताबिक इलाज में 6 लाख रुपए से अधिक खर्च होने की जानकारी देने एवं उसके बावजूद पूरी तरह से ठीक नहीं होने की बात बताने पर उन्हें रिम्स ले जाया गया। रिम्स में इलाज के दौरान रविवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। सोमवार को गांव में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि 24 मई की रात जिले में छत से गिरने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें तीन लोगों की असामयिक मौत हो गई। इनमें बहरागोड़ा प्रखंड का एक 5 वर्षीय बच्चा तथा गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा गांव निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति भी शामिल थे। इन तीनों घटनाओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

