पहाड़पुर पंचायत भवन में एक दिवसीय पशुपालन प्रशिक्षण शिविर आयोजित
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के पहाड़पुर पंचायत सभागार में शनिवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तत्वावधान में एक दिवसीय पशुपालन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुखिया अजब सिंह ने किया। प्रशिक्षण शिविर में किसानों एवं पशुपालकों को गाय, भैंस, बकरी एवं भेड़ पालन से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने पशुओं की उन्नत नस्लों की पहचान, उचित देखभाल, आवास प्रबंधन, संतुलित आहार, संक्रामक रोगों की रोकथाम, उपचार तथा नियमित टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
शिविर में प्रशिक्षक के रूप में डॉ. कुंदन कुमार, डॉ. महेश्वर सिंह एवं डॉ. शक्तिपद महतो ने प्रतिभागियों को आधुनिक पशुपालन की तकनीकों से अवगत कराया। इस अवसर पर मुखिया अजब सिंह ने कहा कि पंचायत में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गाय, भैंस, बकरी और भेड़ जैसे पशु किसानों के लिए एक प्रकार की आर्थिक सुरक्षा हैं, जो आवश्यकता पड़ने पर परिवार की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में सहायक होते हैं। उन्होंने लोगों से पशुपालन को आय बढ़ाने के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाने की अपील की।


