रामकृष्ण मिशन परिसर में निकला नाग, सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया
Patamda: पटमदा प्रखंड स्थित रामकृष्ण मिशन परिसर में मंगलवार को एक नाग सांप निकल आने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। सांप के आकार और उसकी तेज फुफकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग भयभीत हो गए तथा परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना पटमदा प्रखंड प्रशासन को दी गई। सूचना प्राप्त होने के बाद प्रखंड प्रशासन ने बिड़रा पंचायत के उपमुखिया गोपाल गोराई को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गोपाल गोराई बिना विलंब किए मौके पर पहुंचे और साहस, सूझबूझ तथा अनुभव का परिचय देते हुए विशाल नाग का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मथुरापुर जंगल में छोड़ दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाग काफी विशालकाय था और उसकी फुफकार की आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी, जिससे स्थानीय लोगों में भय का वातावरण बन गया था। सांप को देखने के लिए प्रखंड कार्यालय के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। सफल रेस्क्यू अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और गोपाल गोराई के साहसिक कार्य की सराहना की। पटमदा प्रखंड के सीओ सह बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू एवं समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने भी गोपाल गोराई की तत्परता, साहस एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी जिम्मेदारी की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।



