ड्राइविंग लाइसेंस विशेष कैंप के आयोजन पर झामुमो नेता अजय रजक ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
Jamshedpur: झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो के पूर्वी सिंहभूम दलित मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय रजक ने प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप को राज्य सरकार की जनहितकारी पहल बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया है। अजय रजक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा अब तेजी से धरातल पर उतर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जागरूकता, संसाधनों की कमी और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों के कारण ग्रामीण इलाकों के अनेक लोग ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनवा पाते थे।
उन्होंने कहा कि लाइसेंस के अभाव में लोगों को सड़क दुर्घटनाओं, पुलिस जांच और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर लगने से अब ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अजय रजक ने कहा कि लंबे समय से इस तरह के विशेष कैंप की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। राज्य सरकार ने आम जनता की समस्याओं को समझते हुए इस मांग को पूरा किया है, जो अत्यंत सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में सुविधा होगी, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूकता बढ़ेगी।




