जादूगोड़ा में 2 बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत, तीन गंभीर
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत केन्दाडीह बैंक के समीप सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान गालूडीह थाना क्षेत्र के महुलिया निवासी सागर मंडल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में गालूडीह बराज कॉलोनी निवासी अमित कालिंदी (22 वर्ष), गालूडीह थाना क्षेत्र के सुसनीगाड़िया निवासी दीप मुंडा (31 वर्ष) तथा गोरा मुंडा (28 वर्ष) शामिल हैं। इनमें गोरा मुंडा की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि दीप मुंडा और अमित कालिंदी को सिर एवं पैर में गंभीर चोट लगने के कारण बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।
घायल गोरा मुंडा ने बताया कि वह दीप मुंडा के साथ अपनी भांजी की शादी का निमंत्रण पत्र देकर मुसाबनी के एक गांव से घर लौट रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अमित कालिंदी और सागर मंडल घूमने के लिए मुसाबनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान केन्दाडीह बैंक के पास दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को केन्दाडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने सागर मंडल को मृत घोषित कर दिया। एमजीएम अस्पताल में मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।




