डालसा की टीम बोंटा पंचायत पहुंची, विधिक अधिकारों से अवगत हुए लोग
Patamda: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पूर्वी सिंहभूम द्वारा संचालित 90 दिवसीय डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को बोड़ाम प्रखंड के बोंटा पंचायत एवं बोंटा गांव में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सेवाओं तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से आए एलएडीसी अंकित प्रताप एवं पवन कुमार ने डालसा की कार्यप्रणाली और उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को डायन प्रथा, बाल विवाह, बाल श्रम एवं नशीले पदार्थों के सेवन जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की सलाह देते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजकर शिक्षित बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, सड़क दुर्घटना, महिला एवं बाल अधिकार समेत विभिन्न कानूनी मामलों में सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय या प्रखंड स्तर पर कार्यरत पीएलवी से संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर बंटा पंचायत की मुखिया श्रीमती सुकांति किस्कू ने पंचायत क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में मुखिया सुकांति किस्कू, एलएडीसी अंकित प्रताप, पवन कुमार, पीएलवी निताई चन्द्र गोराई, बालेश्वर दास, हरिपद किस्कू, ऋतुपर्णा महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी निताई चन्द्र गोराई ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुखिया सुकांति किस्कू ने किया।




