महाप्रभु जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र का स्नान महोत्सव संपन्न, रथयात्रा की तैयारियां तेज
Patamda: सोमवार को पटमदा के हरि साधना आश्रम, दगड़ीगोड़ा परिसर स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र का स्नान महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठान में सहभागिता निभाई। सुबह से ही धार्मिक वातावरण के बीच पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन एवं विधि-विधान के साथ भगवानों का पवित्र स्नान अनुष्ठान संपन्न कराया गया। पूरे आश्रम परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष गिरजा प्रसाद मिश्रा ने बताया कि स्नान महोत्सव के साथ ही आगामी रथयात्रा महोत्सव की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष रथयात्रा को भव्य एवं उल्लासपूर्ण तरीके से मनाने की योजना है।
आश्रम संचालक शंभू दास ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में स्नान महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि रथयात्रा को लेकर समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं तथा आगामी बैठक में सभी सदस्यों से उपस्थित होने की अपील की गई है। महोत्सव के दौरान पुरोहितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराया गया।




