मानगो का नवनिर्मित ओवरब्रिज शहीद खुदीराम बोस के नाम पर हो : समिति
झारखंड बांग्ला-भाषी उन्नयन समिति ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा स्मरण-पत्र
Jamshedpur: मानगो के नवनिर्मित ओवरब्रिज का नाम अमर क्रांतिकारी शहीद खुदीराम बोस के नाम पर रखने की मांग को लेकर मंगलवार को झारखंड बांग्ला-भाषी उन्नयन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर के उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम स्मरण-पत्र सौंपा।
समिति ने पत्र के माध्यम से आग्रह किया कि देश के सबसे कम आयु के शहीद स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस के अद्वितीय साहस और बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से मानगो के नए ओवरब्रिज का नाम उनके नाम पर रखा जाए। समिति का कहना है कि इससे नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के महान नायकों के योगदान से प्रेरणा मिलेगी।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस संबंध में 12 अगस्त 2025 को भी मुख्यमंत्री को आवेदन-पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय या आधिकारिक जवाब नहीं मिला है। इसी कारण मांग को दोहराते हुए मंगलवार को स्मरण-पत्र सौंपा गया। समिति ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस मांग पर सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उनका कहना है कि ओवरब्रिज का नाम शहीद खुदीराम बोस के नाम पर रखने से न केवल महान स्वतंत्रता सेनानी को सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी, बल्कि पूर्वी सिंहभूम के लोगों की लंबे समय से चली आ रही जनभावना का भी सम्मान होगा।
स्मरण-पत्र सौंपने वालों में दिलजोय बोस, संजीव आचार्य, संजय राय, जहर रक्षित, बबलू सरकार, असित चक्रवर्ती, तरुण होड़, संजीव पात्र एवं शिवनाथ पाल शामिल थे।


