पटमदा प्रखंड कार्यालय जाने वाली सड़क की मरम्मत, लोगों को मिली राहत
Patamda : लगातार हो रही बारिश के कारण पटमदा प्रखंड कार्यालय जाने वाली सड़क गहरे गड्ढों और जलजमाव के कारण बदहाल हो गई थी। इससे प्रखंड कार्यालय आने वाले आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और विभिन्न सरकारी कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी।
जनहित से जुड़े इस मामले को समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के समक्ष उठाया। सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और विश्वनाथ महतो के साथ सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद तत्काल गहरे गड्ढों में स्टोन डस्ट डालकर भराई कराई गई, जिससे सड़क समतल हुई और आवागमन सुगम हो गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद प्रखंड कार्यालय आने वाले लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई मरम्मत से आवागमन पहले की तुलना में आसान हो गया है और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम हुई है।
समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हैं। हालांकि, उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग भी की, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को दोबारा ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से इस सड़क के दीर्घकालीन समाधान के लिए शीघ्र पहल करने की अपील की।


