झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने लिया एसआईआर कैंप का जायजा
Patamda: झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सुभाष कर्मकार ने बुधवार को विधायक मंगल कालिंदी के निर्देश पर पटमदा प्रखंड अंतर्गत ब्लॉक कॉलोनी बूथ स्थित एसआईआर कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया और बीएलओ से एसआईआर अभियान की प्रगति, दस्तावेजों के सत्यापन तथा मतदाताओं के पंजीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान सुभाष कर्मकार ने कैंप में मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें एसआईआर प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी पात्र मतदाताओं को इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।
उन्होंने झामुमो की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को निर्देश दिया कि वे बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लोगों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। विशेष रूप से बुजुर्गों व महिलाओं को दस्तावेजों की जानकारी देने एवं आवेदन प्रक्रिया में सहायता करने पर जोर दिया गया। सुभाष कर्मकार ने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित समय के भीतर एसआईआर प्रक्रिया में भाग लें, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराएं तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से यह अभियान सफल होगा और प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए सुनिश्चित रूप से मतदाता सूची में शामिल रहेगा।


