जेपीएससी -जेएससीसी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में जेएलकेएम का धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Jamshedpur: झारखंड लोकक्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने राज्य में जेपीएससी -जेएससीसी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और धांधली के विरोध में मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर राज्य के सभी 24 जिलों में आयोजित आंदोलन का हिस्सा था।
पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-युवा एवं समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि जेपीएससी -जेएससीसी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही छात्रों की सभी न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की भी अपील की गई।
धरना को संबोधित करते हुए जेएलकेएम नेताओं ने कहा कि राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है। युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार-मुक्त भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराना सरकार की संवैधानिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही छात्रों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती है, तो जेएलकेएम पूरे राज्य के छात्रों के साथ मिलकर विधानसभा का घेराव करेगी और आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। जेएलकेएम नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई में पहले भी उनके साथ खड़ी थी, वर्तमान में भी उनके साथ है और आगे भी पूरी मजबूती से संघर्ष जारी रखेगी। धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष तपन महतो, नगर अध्यक्ष राम प्रसाद महतो, केंद्रीय संयुक्त महासचिव देवव्रत महतो, जिला महासचिव दिनेश महतो, जिला वरीय उपाध्यक्ष सुब्रत महतो व शैलेन्द्र महतो, कोल्हान महासचिव फनी भूषण महतो, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता रामदास मुर्मू, केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष भागीरथी हांसदा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम महतो, नगर अध्यक्ष सुलोचना महतो, बिमल महतो, शंकर भगत सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।



