ब्रेकिंग न्यूज: दलमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, तीन ईनामी नक्सलियों की गिरफ्तारी
Jamshedpur : झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान के बीच सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिलने की चर्चा है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात को सरायकेला-खरसावां जिले के दलमा क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान कोबरा बटालियन और जिला पुलिस ने एक महिला सहित तीन ईनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी तक नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले करीब एक महीने से दलमा के जंगलों और उससे सटे सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों की गतिविधियों को लेकर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए तीनों नक्सली लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थे और उन पर इनाम भी घोषित था। जानकारी के अनुसार, सारंडा क्षेत्र में पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और अन्य अर्धसैनिक बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के बाद कई उग्रवादी संगठन के सदस्य सुरक्षित ठिकानों की तलाश में दलमा के जंगलों तथा झारखंड-पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे क्षेत्रों में सक्रिय हो गए थे। सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से इनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं। विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि पूछताछ के दौरान संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, सहयोगियों तथा हाल के दिनों में उनकी गतिविधियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। यदि इसकी आधिकारिक पुष्टि होती है, तो इसे पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जाएगा।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि सुरक्षा कारणों और अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए विस्तृत जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से साझा की जा सकती है।
गिरफ्तार नक्सलियों में 5 लाख का ईनामी स्पेशल जोनल मेंबर बिरेन सिंह उर्फ सागर सिंह, पिता राम सिंह उर्फ फौजी सिंह, ग्राम- टेंगाडीह टोला बेनाडीह, थाना- नीमडीह, जिला-सरायकेला-खरसावां। 15 लाख का ईनामी आरसीएम मदन महतो उर्फ शंकर,पिता-स्व. बंकिम महतो, ग्राम- करमासोल, थाना-सालबनी, जिला-पश्चिम मिदनापुर (पश्चिम बंगाल) एवं 5 लाख की ईनामी एसजेडसीएम मिना, पति- बिरेन सिंह उर्फ सागर सिंह, पिता स्व. सुकु पहाड़िया, ग्राम- आमकोचा, थाना बलरामपुर, पुरूलिया पश्चिम बंगाल शामिल हैं।



