बोड़ाम की बेटी वर्षा ने पॉलिटेक्निक में 922वीं सीएमएल रैंक से बढ़ाया क्षेत्र का मान
Patamda: प्रतिभा, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बोड़ाम प्रखंड की कुईयानी पंचायत अंतर्गत मुचीडीह गांव की मेधावी छात्रा वर्षा महतो ने झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा आयोजित पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा-2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। वर्षा ने 81.25 अंक प्राप्त करते हुए कॉमन मेरिट लिस्ट (सीएमएल) में 922वीं रैंक तथा कैटेगरी रैंक 371 हासिल की है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर वर्षा का झारखंड के किसी सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में नामांकन लगभग तय माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वर्षा के पिता मिहिर महतो किसान हैं, जबकि माता मौपाली महतो गृहिणी हैं। वर्षा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, टैलेंट सर्च एकेडमी के शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी नियमित मेहनत को दिया। उनका कहना है कि यदि विद्यार्थी स्पष्ट लक्ष्य बनाकर ईमानदारी और अनुशासन के साथ तैयारी करें तो सफलता अवश्य मिलती है। वर्षा ने बताया कि उनका सपना इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर एक सफल इंजीनियर बनने का है। वह अपनी शिक्षा के माध्यम से समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहती हैं। वर्षा की सफलता पर शिक्षकों, समाज के प्रबुद्ध लोगों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास जगाया है। वर्षा महतो की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, लगन और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। बोड़ाम की इस बेटी ने अपनी मेहनत से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाते हुए युवाओं के सामने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है।



