पातीपानी में सड़क हादसा, पति की मौत, पत्नी-बेटी घायल
Patamda : आसनबनी-पटमदा मुख्य सड़क पर शुक्रवार शाम करीब पौने आठ बजे बोड़ाम थाना क्षेत्र के पातीपानी फुटबॉल मैदान के पास सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र निवासी शाहजहां अपनी पत्नी हसीना और बेटी आरजू के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पातीपानी के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। हादसे में तीनों सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए।
उधर, सड़क से गुजर रही एक कार पर सवार लोगों ने तीनों को गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने शाहजहां को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के पुत्र अरमान ने बताया कि उसके माता-पिता और बहन घर से कहां गए थे, इसकी जानकारी नहीं थी। अचानक फोन से दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचे। वहां पिता को मृत पाया। परिजनों के अनुसार, शाहजहां को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। इस संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।



