कुमीर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नियमित संचालन, दवा व स्टाफ की उपलब्धता की मांग
Patamda : पटमदा प्रखंड अंतर्गत कुमीर गांव में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन एवं अन्य विषयों पर जानकारी लेने पहुंचे जेएलकेएम के जिला सचिव राजेश कुंभकार से ग्रामीणों ने गुरुवार को कई प्रकार की शिकायतें की। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार एवं निर्धारित सरकारी अवकाश को छोड़कर शेष दिनों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन का प्रावधान है। लेकिन केंद्र कई बार बंद रहने के कारण उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। मौके पर मौजूद सीएचओ एवं एएनएम ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मियों को फील्ड में स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के साथ-साथ आवश्यक सरकारी कार्यों के लिए कार्यालय जाना पड़ता है। इसी वजह से कुछ अवसरों पर केंद्र बंद रहने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
राजेश कुंभकार ने कहा कि कुमीर पंचायत के विभिन्न गांवों के लोगों के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में इसका नियमित एवं निर्धारित समय के अनुसार संचालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े। ग्रामीणों ने केंद्र में आवश्यक दवाइयों की कमी तथा पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता नहीं होने की समस्या भी उनके समक्ष रखी। जेएलकेएम नेता ने आश्वासन दिया कि मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवेदन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। मौके पर पार्टी कार्यकर्ता सुकुमार महतो भी शामिल थे।



