चौड़ीकरण के लिए खोदी सड़क, कुमारदा से काश्मार तक रोज फंस रहे वाहन, ग्रामीणों में आक्रोश

Patamda: पथ निर्माण विभाग की देखरेख में पिछले करीब 6 माह से काटिन बाजार से गोपालपुर होते हुए पश्चिम बंगाल सीमा तक सड़क चौड़ीकरण सह सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में कुमारदा शिव मंदिर से काश्मार मोड़ तक करीब डेढ़ किमी सड़क को 20 दिन पूर्व पूरी तरह खोद दिया गया है। पूर्व की कालीकरण परत को भी पूरी तरह उखाड़ दिए जाने से सड़क का अस्तित्व खत्म हो गया है। लगातार बारिश के कारण यह मार्ग अब दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे प्रतिदिन वाहन फंस रहे हैं।
सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहनों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों एवं जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान संतोष महतो एवं तारापद तिवारी ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क को एक साथ पूरी तरह खोदने के बजाय एक तरफ से काम कर दूसरी तरफ आवागमन के लिए चालू रखा जाता तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं होती। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ठेकेदार को इस संबंध में सुझाव भी दिया था, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। अब बारिश के बीच सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। तारापद तिवारी ने मामले की शिकायत विभागीय कार्यपालक अभियंता से की जाएगी ताकि ग्रामीणों एवं राहगीरों को राहत मिल सके।




