पटमदा-बोड़ाम में 16 घंटे बाद 33 हजार लाइन दुरुस्त, सुदूर गांवों में बिजली का इंतजार
Patamda: चक्रवाती तूफान अर्णव के असर के बीच लगातार हो रही बारिश के कारण पटमदा और बोड़ाम प्रखंड में 33 हजार वोल्ट की मुख्य विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। इससे करीब 16 घंटे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे लगभग आधे घंटे के लिए आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन इसके बाद फिर बिजली गुल हो गई। लगातार बिजली बंद रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों की टीम दिनभर विभिन्न स्थानों पर खराबी दूर करने में जुटी रही। करीब 10 से अधिक कर्मचारी मरम्मत कार्य में लगाए गए थे। बताया गया कि कई जगह पेड़ों की डालियां हाईटेंशन तारों के संपर्क में आने से बार-बार फॉल्ट हो रहा था।
शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे 33 हजार लाइन को दुरुस्त कर चालू कर दिया गया और कुछ गांवों में बिजली आपूर्ति भी शुरू हो गई। हालांकि, सुदूर गांवों में देर रात तक बिजली का इंतजार जारी रहा। विभिन्न फीडरों में आई खराबी को दूर करने के लिए कर्मचारी देर रात तक सक्रिय रहे। लगातार बारिश के कारण मच्छरों और कीड़े-मकौड़ों का प्रकोप बढ़ने से बिजली गुल रहने के दौरान लोगों की परेशानी और बढ़ गई। वहीं, मोबाइल चार्ज नहीं होने से कई लोगों के फोन बंद हो गए, जिससे जरूरी संपर्क करने में भी दिक्कत हुई।
फोटो: सांकेतिक




