2019 और 2024 में ईचागढ़ से प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो ने छोड़ी आजसू, इस्तीफे में कारण पर चुप्पी
Jamshedpur : आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने पार्टी के केंद्रीय महासचिव पद के साथ-साथ प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शनिवार को पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो को पत्र भेजकर अपना त्यागपत्र सौंपा। हालांकि, इस्तीफे में पार्टी छोड़ने के पीछे किसी स्पष्ट कारण का उल्लेख नहीं किया गया है। ऐसे में उनके अचानक पार्टी छोड़ने के फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
दिलचस्प बात यह है कि हरेलाल महतो ने अपने इस्तीफा पत्र में पार्टी नेतृत्व से मिले सम्मान, अवसर और जिम्मेदारियों का विशेष रूप से उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि आजसू पार्टी के साथ उनका जुड़ाव उनके लिए हमेशा सम्मान और गौरव का विषय रहा। पार्टी नेतृत्व ने वर्ष 2019 और 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में उन्हें ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बनाया। इसके अलावा विभिन्न विधानसभा उपचुनावों में उन्हें प्रभारी एवं सह-प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी दी गईं। हरेलाल महतो ने पत्र में कहा कि पार्टी में रहते हुए उन्हें वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन तथा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का स्नेह एवं सहयोग मिला। उन्होंने पार्टी द्वारा दिए गए अवसरों और जिम्मेदारियों के लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार भी जताया।
इस्तीफे में उन्होंने लिखा है कि वर्तमान परिस्थितियों में वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। हालांकि, ‘वर्तमान परिस्थितियों’ से उनका आशय क्या है और पार्टी छोड़ने का वास्तविक कारण क्या है, इसका कोई स्पष्ट उल्लेख पत्र में नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी और उसके पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति उनका सम्मान बना रहेगा। पार्टी से मिले अनुभव और मार्गदर्शन को भविष्य में जनहित एवं राज्यहित में उपयोग करने की बात भी कही है। हरेलाल महतो के इस्तीफे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब उन्होंने पार्टी से मिले सम्मान और अवसरों का सकारात्मक उल्लेख किया है, तो आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिसके कारण उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता तक छोड़ने का निर्णय लिया। इसको लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।




