कुमीर में भारत छोड़ो आंदोलन के वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, उमड़े हजारों लोग

शहीद परिवारों के आश्रितों को अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित

Patamda : भारत छोड़ो आंदोलन में पटमदा एवं बंगाल क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और बलिदान को गुरुवार को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कुमीर गांव स्थित लड़ाई टांड़ में आयोजित कार्यक्रम में आंदोलन के दौरान शहीद हुए वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहस और देशभक्ति को नमन किया गया। इस दौरान आयोजक की ओर से शहीद परिवारों के आश्रितों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर सुबह से बच्चों के बीच खेलकूद प्रतियोगिता एवं दोपहर से देर रात तक पाता नाच, कुड़माली नाच, छऊ नृत्य समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
मौके पर अतिथि के रूप में मौजूद लोक सेवक संघ के पुरुलिया जिला सचिव सुशील चंद्र महतो ने बताया कि 8 अक्टूबर 1942 को स्वतंत्रता आंदोलन को तेज करने के उद्देश्य से कुमीर गांव में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी एकत्र हुए थे। आंदोलन का नेतृत्व भजहरि महतो (जमशेदपुर सह मानभूम के प्रथम सांसद) कर रहे थे। आंदोलनकारियों का उद्देश्य पटमदा थाना पर कब्जा कर अंग्रेजी शासन के सरकारी कागजात नष्ट करना था। इसी दौरान ब्रिटिश सेना का एक सैन्य वाहन कुमीर से बांदोवान की ओर जा रहा था। आंदोलनकारियों ने साहेब बांध (बांगुड़दा) के समीप सड़क काटकर तथा टोटको नदी के पास बड़े पत्थर रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था। रास्ता बंद होने पर सैन्य वाहन वापस लौटने लगा। कुमीर में आंदोलनकारियों ने उसे घेरने का प्रयास किया, जिसके बाद ब्रिटिश सैनिकों ने गोलीबारी कर दी।
गोलीबारी में कुमीर गांव के लखन महतो गंभीर रूप से घायल हुए और उनका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में जेल में ही उनका पैर काटना पड़ा। उनके साथी रहे दुर्गाचरण सिंह व जुड़न मुदी (काटागोड़ा), बिप्र महतो (पड़ाश्या) और रतन माझी (भालू) भी गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में वीरगति प्राप्त किए। जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो ने कहा कि इन सेनानियों का बलिदान क्षेत्रवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, राष्ट्र शहीद सम्मान समिति के पूर्व अध्यक्ष पंचानन दास, ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो, मुखिया दीपक कोड़ा, उपमुखिया गोपाल गोराई, समाजसेवी भीष्मनाथ महतो, छुटुलाल महतो, प्रबोध कुमार महतो, गिरिजा प्रसाद मिश्रा, शरत सिंह सरदार, आशुतोष महतो, अभिलाष महतो, भास्कर माहली, हरिपद महतो, चंदन महतो, शेख सिराजुद्दीन, भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि प्रदीप कुमार महतो, यशवंत महतो, जेएलकेएम नेता सुब्रत महतो, अधिवक्ता फनी महतो, राजेश कुंभकार एवं प्रखंड अध्यक्ष श्याम सुंदर महतो आदि मौजूद थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के कार्तिक महतो, जीतू महतो, गुरुपद महतो, गणेश महतो, गौतम महतो, मनोज महतो व राजेन महतो ने सराहनीय योगदान दिया।




