जामडीह और लड़ाईडूंगरी प्राथमिक विद्यालय में बनेंगे दो-दो अतिरिक्त कक्ष, विधायक प्रतिनिधि ने किया शिलान्यास
Patamda: प्रखंड के जोड़सा पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जामडीह और गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय लड़ाईडूंगरी में दो-दो अतिरिक्त वर्गकक्षों का निर्माण कराया जाएगा। जिला योजना अनाबद्ध निधि से स्वीकृत इन दोनों विद्यालयों के निर्माण कार्य पर कुल 40 लाख रुपये खर्च होंगे। सोमवार को विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया।
इस मौके पर चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि दोनों विद्यालयों के भवन काफी जर्जर हो चुके थे। इसके कारण खासकर बारिश के मौसम में विद्यार्थियों को पढ़ाई में काफी परेशानी होती थी। विधायक मंगल कालिंदी की अनुशंसा पर अतिरिक्त वर्गकक्ष निर्माण की स्वीकृति मिली है। उन्होंने संवेदक को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, मुखिया प्रतिनिधि खगेन सिंह, नील रतन पाल, रूपेण सिंह, बेलू सिंह, सुफल टुडू, स्वपन महतो और जितेन मुर्मू समेत अन्य लोग उपस्थित थे।












