जिले के सभी बूथों पर 4 को चुनावी पाठशाला, मतदाता सूची से जुड़ी दावे-आपत्तियां होंगी दर्ज, झामुमो जिलाध्यक्ष का कार्यकर्ताओं को निर्देश
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से चुनाव आयोग के निर्देश पर 4 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। इसमें संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ, विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए-2 एवं आम नागरिक शामिल होंगे।
चुनावी पाठशाला के दौरान बीएलओ नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाएंगे। इसके बाद संबंधित मतदाताओं से सुझाव, दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे तथा किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं हो। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन किया जाएगा।
इस संबंध में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी के सभी बूथ स्तरीय बीएलए-2, स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को 4 नवंबर को निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों में आयोजित चुनावी पाठशाला में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने संबंधित विषयों पर आवश्यक दावे एवं आपत्तियां लिखित रूप से दर्ज कराने की भी अपील की है।












