पटमदा सीएचसी अस्पताल में देर रात घुसा विषैला कोबरा, मची अफरा-तफरी
Patamda : माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार की देर रात करीब 11 बजे एक विशालकाय विषैला कोबरा घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत फैल गई। नाइट ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सौरव मल्लिक के निर्देश पर कर्मचारी बिप्लव दत्त ने इसकी सूचना बिड़रा के उपमुखिया गोपाल गोराई को दी।
सूचना मिलते ही गोपाल गोराई रात करीब 11:30 बजे अस्पताल पहुंचे और सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू कर उसे प्लास्टिक के एक जार में सुरक्षित बंद किया। इसके बाद रात करीब एक बजे उसे नजदीकी मथुरापुरी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इसे भारतीय नाग (फन वाला कोबरा) भी कहा जाता है। यह भारत में पाया जाने वाला अत्यंत विषैला सांप है। इसके फन के पीछे चश्मे जैसी आकृति बनी होती है, इसी कारण इसे स्पेक्टेकल्ड कोबरा कहते हैं। गौरतलब हो कि अस्पताल के आसपास झाड़ियों की भरमार होने के कारण अक्सर विषैले सांप परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। इससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।












