जमीन विवाद खत्म करने की पहल, बिड़रा प्रावि के नए भवन निर्माण का रास्ता साफ
सीओ ने कराया विद्यालय की जमीन का सीमांकन, अतिक्रमण हटाने का दिया निर्देश
Patamda : पटमदा प्रखंड के बिड़रा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के नए भवन निर्माण का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। वर्षों से जमीन विवाद के कारण अटके निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए स्थानीय प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। शुक्रवार को सीओ के निर्देश पर विद्यालय की जमीन का विधिवत सीमांकन कराया गया। साथ ही विद्यालय परिसर की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया। इससे पहले गुरुवार को सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने उपमुखिया गोपाल गोराई, ग्राम प्रधान विकास महतो और समाजसेवी विश्वनाथ महतो के साथ विद्यालय परिसर पहुंचकर जमीन का निरीक्षण किया था।
इस संबंध में उपमुखिया गोपाल गोराई ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए पूर्व में विभाग की ओर से राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन जमीन विवाद के कारण काम शुरू नहीं हो सका। निर्धारित समय में निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्वीकृत राशि विभाग को वापस लौटानी पड़ी थी। पिछले वर्ष बरसात के दौरान पुराने भवन की जर्जर छत के कारण बच्चों को हो रही परेशानी का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की लगातार पहल एवं स्थानीय विधायक और सांसद के प्रयास से नए भवन के निर्माण के लिए दोबारा राशि उपलब्ध कराई गई। इस बार निर्माण कार्य जमीन विवाद में नहीं फंसे और स्वीकृत राशि फिर वापस न लौटानी पड़े, इसके लिए प्रशासन ने पहले ही जमीन की स्थिति स्पष्ट करने की पहल की है। सीमांकन के जरिए विद्यालय की वास्तविक भूमि चिह्नित कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है।












